अलविदा सुमि 🙏

सुमि चली गई और हमें अकेला छोड़ गई। शायद ज़िंदगी ऐसे ही चलती है। हर किसी की लाइफ में ऐसी पल आते हैं जब कोई अपना छोड़कर चला जाता है। तब दिल बहुत दुखता है। हम आज बहुत दुखी हैं।

यह पोस्ट लिखते हुए मेरी आँखें गीली हैं। मुझे रोना आ रहा है। पता नहीं क्यों ऐसा होता है जब कोई आपसे हमेशा के लिए बिछड़ जाता है। क्या हर कोई पैदा मरने के लिए होता है? क्या रिश्ते-नाते टूटने के लिए बनते हैं? 

बरसों पहले बीच रास्ते से बुरी तरह जख़्मी हालत में सुमि को हमने पनाह दी। उस समय वह आखिरी साँसें गिन रही थी। लेकिन सुमि ज़िद्दी थी। उस दिन उसकी जिंदगी जीने की ज़िद ने उसे मरने नहीं दिया। आज सुमि हार गई। 

सुमि कई दिन से बीमार थी। खाना-पीना बंद था। कल से पानी भी हजम नहीं हो रहा था। सुबह चल-फिर रही थी। कुछ देर बाद देखा कि अपनी रज़ाई पर निढाल हो गई। लगा सो रही है। कुछ देर बाद उसका मुँह खुल गया और जीभ एक कोने में लटक गई। तुरंत हमने पशु चिकित्सालय में फोन किया। डॉक्टर ने उसे तीन अलग-अलग इंजेक्शन लगाए। हम खुश थे कि सुमि बच जाएगी। वह जोर से साँस ले रही थी। कुछ घण्टे बाद उसकी धड़कन बंद हो गई।

सुमि चली गई हमेशा के लिए!

अब कभी वह हमारे सामने पूँछ नहीं हिलायेगी। अब कभी वह कूदकर चारपाई पर नहीं चढ़ेगी। अब कभी वह कोरल के साथ मस्ती नहीं करेगी। अब उसकी यादें रह गयी हैं, सिर्फ यादें!

सुमि तुम्हारे लिए कुछ लिखा है आज :

ज़िंदगी चुप है
ज़िंदगी ख़ामोश है
उसकी आँखें अब
नहीं बोलतीं
कहीं खो गई वो
किसी टूटते सितारे
की तरह

-तुम्हारा हरमिन्दर

[ सुमि का फेसबुक पेज : https://www.facebook.com/sumidog/ ]